बहराइच में सुनियोजित हिंसा के बाद अब सरकार की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि, सरकार हमेशा से फर्जी एनकाउंटर करती रही है। वे बस अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चाहे वह मंगेश यादव का हो या फिर अजीत प्रताप सिंह का एनकाउंटर हो। सरकार केवल अपनी असफलता को छिपाने का प्रयास कर रही है। सरकार पूरी तरह फेल है। सरकार ने केवल इंतजाम नहीं किया, सरकार केवल और केवल दंगा कराना जानती है और फर्जी एनकाउंटर करा रही है।
बता दें कि बहराइच हिंसा में आरोपी बनाए गए सरफराज और तालिब का एनकाउंटर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक सरफराज और तालिब दोनों फिलहाल घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ग़ौर तलब है कि एक आरोपी की बेटी रुखसार ने कहा था कि बीते बुधवार की शाम चार बजे पिता अब्दुल हमीद, भाई सरफराज, फहीम और उनके साथ एक अन्य युवक को यूपी एसटीएफ ने उठा लिया था। उसके पति और देवर को पहले ही उठाया जा चुका है। किसी के बारे में कुछ पता नहीं चल रहा है। थाने से भी खबर नहीं दी जा रही है।
रुखसार ने कहा कि उसे पिता अब्दुल हमीद और भाई सरफराज के एकांउटर का शक है। उसे डर है कि दोनों का एनकाउंटर कर हत्या की जा सकती है। दिलचस्प बात है कि रुखसार के बयान के कुछ देर बाद ही सरफराज के एनकाउंटर की खबर भी सामने आ गई।